कोरोना महामारी के बीच दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अवपात में बदल गया है। शनिवार शाम तक यह समुद्री तूफान का रूप धारण कर लेगा और फिर 24 घंटे में यह भयंकर समुद्री तूफान में तब्दील हो जाएगा। ऐसे में चक्रवात अम्फान की वजह से उत्तर तटीय ओडिशा ज्यादा प्रभावित होने की जानकारी भारतीय मौसम विभाग की तरफ से दी गई है। ओड्राफ, एनडीआरएफ और दमकल विभाग को सतर्क रहने के लिए निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में अगले पांच-छह दिनों तक खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल में हल्की से मध्यम बारिश होगी।
ओडिशा सरकार ने जारी किया अलर्ट
ओडिशा सरकार ने तटीय इलाके के 12 जिला कलेक्टरों को गंभीर स्थिति के लिए तैयार रहने के लिए कहा है।ओडिशा सरकार ने कहा है कि समुद्र की स्थिति, दक्षिण और आसपास के बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर से अधिक तेज होगी, जिसके कारण मछुआरों को 15 मई से दक्षिण और मध्य महासागर में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है। जो लोग इन क्षेत्रों में समुद्र में हैं, उन्हें आज शाम तक वापस लौटने की सलाह दी गई है।