भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ ने केंद्र सरकार में वाणिज्य और उद्योग मंत्री रहते हुए चीन के हित में कार्य किया है। शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में झा ने कहा कि इस संबंध में खुलासा हुआ है और यह ‘ऑन रिकार्ड’ है। इससे जुड़े दस्तावेज भी सामने आए हैं। झा ने कहा कि चीन के साथ भारत की तनातनी के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी चीन की भाषा क्यों बोल रहे हैं, अब यह बात भी समझ में आने लगी है।
उन्होंने कहा ‘जो भी दस्तावेज सामने आए हैं, उनके आधार पर मैं अपनी भाषा में कहूं कि कमलनाथ चीन का एजेंट बनकर वाणिज्य मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे, तो मुझे कोई दुख नहीं होगा।’ झा ने यह भी कहा किचीन की कम्युनिस्ट पार्टी और भारत की पार्टी कांग्रेस के बीच बहुत सारी बातों का समझौता होता है। इसी क्रम में एक समझौता हुआ कि भारत में जो सामान सहजता से उपलब्ध है, उसका आयात बढ़ाया जाए। ऐसी 250 वस्तुएं चिंहित की गयीं, जिनका आयात करने का तय हुआ। इसके अलावा आयात पर टैक्स भी भी 100-200 प्रतिशत से घटाने की बात तय हुई।
चीन से पैसे लेना नेशनल क्राइम है : प्रभात झा
प्रभात झा ने आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा करने से चीन को जो लाभ हुआ, उसके पैसे से कांग्रेस की मदद की गयी और पैसा राजीव गांधी फाउंडेशन मेंभेजा गया। यह एक नेशनल क्राइम है। और इसके जिम्मेदार उस समय के केंद्रीय वाणिज्य मंत्री हैं। उन्होंने कहा किअब इस बारे में कमलनाथ को स्थिति स्पष्ट करनीचाहिए।अगर ऐसा नहीं किया गया तो हम लोग गांव-गांव में इस संबंध में बताएंगे। यह भी बताएंगे कि राहुलगांधी चीन की भाषा क्यों बोल रहे हैं। फाउंडेशन में कितने पैसे और क्यों आते रहे?कमलनाथ तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार में वर्ष 2004 से 2009 तक केंद्रीय वाणिज्य और उद्याेग मंत्री थे।
कांग्रेस का पलटवार-चीन के एजेंट बनने का काम तो शिवराज ने किया
कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कमलनाथ पर लगाए आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा, ‘प्रभात झा जी की मानसिक स्थिति हम समझ सकते हैं, जब से उनके कट्टर विरोधी ज्योतिरदित्य सिंधिया को पार्टी ने राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है, तब से वे बेचैन हैं और उसी बौखलाहट में इस तरह के उलज़लूल बयान दे रहे हैं। ये वही प्रभात झा हैं, जिन्होंने सिंधिया पर भू-माफिया होने के आरोप लगाए थे। 10 बार के सांसद कमलनाथ जी पर आरोप लगाने से पहले प्रभात झा एक बार पार्षद का या सरपंच का चुनाव लड़कर जीत लें, फिर कमलनाथ जी जैसे बड़े कद के नेता पर इस तरह के आरोप उन्हें लगाना चाहिए।’